Chhattisgarh Latest News: रायपुर। उरला थाना पुलिस ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए ट्रक चोरी के एक मामले का सफल खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये कीमत की चोरी गई ट्रक भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनीराम यादव ने थाना उरला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह एसकेएस इस्पात प्राइवेट लिमिटेड में इलेक्ट्रिकल इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। उनके नाम से पंजीकृत हाईवा ट्रक क्रमांक CG-07-CA-5157 को चालक बजरंगबली मौर्या चलाता है। चालक ने 20 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे ट्रक को जेए फ्यूल्स के पास उरला में खड़ा किया था और घर चला गया था।
अगले दिन 21 जून की सुबह जब चालक वाहन लेने पहुंचा तो ट्रक वहां से गायब मिला। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला। इसके बाद मामले की सूचना थाना उरला में दी गई। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 284/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शुरू हुई जांच
ट्रक चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने प्रार्थी और चालक से विस्तृत पूछताछ की तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
कड़ाई से पूछताछ में कबूला अपराध
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर उरला निवासी खिलावन पात्रे को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने ट्रक चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई हाईवा ट्रक बरामद कर ली। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की तत्परता से सुलझा मामला
उरला पुलिस की तेज कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते ट्रक चोरी का मामला कुछ ही दिनों में सुलझ गया। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

