Balrampur News: किचन शेड में स्कूल की पढ़ाई, चार साल से भवन का इंतजार; 60-65 बच्चों वाले स्कूल में अब सिर्फ 2 छात्र

Balrampur News: किचन शेड में स्कूल की पढ़ाई, चार साल से भवन का इंतजार; 60-65 बच्चों वाले स्कूल में अब सिर्फ 2 छात्र

CG Balrampur News: बलरामपुर: जिले के ग्रामीण अंचलों में शिक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ब्रजबांधा गांव का प्राथमिक स्कूल पिछले करीब चार वर्षों से भवन के अभाव में किचन शेड में संचालित हो रहा है। वर्ष 2022 में स्कूल का जर्जर भवन तोड़ दिया गया था, लेकिन इसके बाद अब तक नया भवन नहीं बन सका है। छोटे से किचन शेड में बच्चों की कक्षाएं संचालित होने से पढ़ाई के लिए पर्याप्त और सुरक्षित व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ब्रजबांधा प्राथमिक स्कूल में कभी करीब 60-65 बच्चे अध्ययनरत थे, लेकिन भवन नहीं होने के कारण अब स्कूल में महज दो छात्र ही रह गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कई अभिभावकों ने भवन के अभाव में अपने बच्चों का दाखिला आसपास के दूसरे स्कूलों में करा दिया। इससे गांव का स्कूल, जो कभी बच्चों की चहल-पहल से गुलजार रहता था, अब लगभग खाली नजर आता है।

दो शिक्षक पदस्थ, एक लंबे समय से मेडिकल अवकाश पर

स्कूल में दो शिक्षक पदस्थ बताए जा रहे हैं। इनमें से एक शिक्षक लंबे समय से मेडिकल अवकाश पर हैं। ऐसे में सीमित विद्यार्थियों के बीच स्कूल का संचालन किचन शेड में किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर नए भवन का निर्माण हो जाता तो बच्चों को दूसरे स्कूलों में दाखिला दिलाने की जरूरत नहीं पड़ती।

साल जतन योजना में कक्ष स्वीकृत, वित्तीय मंजूरी का इंतजार

जानकारी के अनुसार, स्कूल भवन के लिए साल जतन योजना के तहत कक्ष स्वीकृत किया गया है, लेकिन वित्तीय मंजूरी नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वीकृति और निर्माण प्रक्रिया में हो रही देरी का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने जल्द भवन निर्माण की मांग की

ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से स्कूल भवन का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि गांव के बच्चों को बेहतर और सुरक्षित शिक्षा का वातावरण गांव में ही मिलना चाहिए। लंबे समय से भवन निर्माण अटके रहने के कारण अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई के लिए दूसरे स्कूलों का सहारा लेना पड़ रहा है।

शिक्षा विभाग ने कहा- वित्तीय स्वीकृति मिलते ही शुरू होगी प्रक्रिया

शिक्षा विभाग के अनुसार, स्कूल भवन निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विभाग का कहना है कि वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होते ही भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।


Related Articles