Sarangarh-Bilaigarh Latest News: 271 पदों पर भर्ती का मौका, सरसींवा में आज रोजगार मेला; 25 हजार तक मिलेगी सैलरी

Sarangarh-Bilaigarh Latest News: 271 पदों पर भर्ती का मौका, सरसींवा में आज रोजगार मेला; 25 हजार तक मिलेगी सैलरी

Chhattisgarh Sarangarh-Bilaigarh News: सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के शिक्षित और बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर मिलने जा रहा है। 27 नवंबर 2026 को नगर पंचायत सरसींवा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा आयोजित इस मेले में विभिन्न निजी कंपनियां कुल 271 रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के अनुसार 12,200 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। रोजगार मेला सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा।

10वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए अवसर

मेसर्स स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 12,200 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। कार्यक्षेत्र में सारंगढ़, सरसींवा, बसना सहित अन्य स्थान शामिल हैं।

मेसर्स जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा टेक्नीशियन के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं, 12वीं और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 15,240 से 18,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। कार्यक्षेत्र सारंगढ़, लैलूंगा और आसपास के क्षेत्र होंगे।

वहीं, मेसर्स चैतन्य इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 12,200 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। इन पदों पर सारंगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिलेगा।

ITI पास युवाओं के लिए भी कई पद

मेसर्स टीपीएल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें टेक्नीशियन के 5, आईटीआई फिटर के 50, गैस कटर के 18, ग्राइंडर ऑपरेटर के 20, वेल्डर के 17, टर्नर के 5, केन ऑपरेटर के 10, मशीन ऑपरेटर के 15 और हेल्पर के 50 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए संबंधित तकनीकी योग्यता और निर्धारित शैक्षणिक अर्हता जरूरी होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 14,000 से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। इन पदों का कार्यक्षेत्र जेएसपीएल निर्धारित किया गया है।

रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, तकनीकी योग्यता से जुड़े दस्तावेज और अन्य आवश्यक जानकारी लेकर पहुंचना होगा। रिक्त पदों, योग्यता और भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ई-रोजगार पोर्टल या जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।


Related Articles