Chhattisgarh Sakti News: सक्ती। जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणभाठा में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी करने के मामले में डभरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को लक्ष्मणभाठा निवासी मोहन लाल लहरे ने थाना डभरा में अपने घर में चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार, परिवार पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया था। वापस लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ और खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नगद गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डभरा पुलिस ने तत्काल पतासाजी और विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने चेतन सिंघल (22 वर्ष), पिता प्रवीण कुमार सिंघल, निवासी अंजोरीपाली, मोहापाली रोड, सुभाष चौक, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने प्रार्थी के घर के पीछे खेत के पास छिपाकर रखे सोने का मंगलसूत्र, सोने की बालियां, चांदी का पायल, मोबाइल फोन सहित अन्य चोरी का सामान बरामद किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चंद्रपुर/डभरा सुमित गुप्ता के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डभरा निरीक्षक राजेश कुमार पटेल, सहायक उप निरीक्षक हरनारायण ताम्रकार, प्रधान आरक्षक रमेश चंद्रा तथा आरक्षक मिरीश साहू, अजय बंजारे और राजेश धिरहे का विशेष योगदान रहा।

