Gold-Silver Rate Today: नई दिल्ली: फेस्टिव सीजन में सोने और चांदी के आभूषण खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। अक्टूबर महीने में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। महज एक महीने में सोना करीब 12,300 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया, जबकि चांदी की कीमत में लगभग 48,000 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आई है। शुक्रवार यानी 30 अक्टूबर को भी दोनों धातुओं की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली।
एक महीने में कितना सस्ता हुआ सोना-चांदी?
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 1 अक्टूबर को सोने की कीमत 1,50,700 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो 30 अक्टूबर को घटकर करीब 1,38,400 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। इस तरह महीनेभर में सोना लगभग 12,300 रुपये सस्ता हुआ। वहीं, चांदी की कीमत 1 अक्टूबर को 2,27,200 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो 30 अक्टूबर को गिरकर 1,79,132 रुपये पर आ गई। यानी एक महीने में चांदी करीब 48,000 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई।
शुक्रवार को सोने-चांदी में बड़ी गिरावट
शुक्रवार को MCX पर सोने और चांदी की कीमतों में तेज बिकवाली देखने को मिली। दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 2.88 प्रतिशत यानी 4,111 रुपये गिरकर 1,38,485 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
वहीं, चांदी की कीमत 5.45 प्रतिशत यानी 10,321 रुपये टूटकर 1,79,132 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों धातुओं पर दबाव रहा। स्पॉट गोल्ड 3.61 प्रतिशत गिरकर करीब 3,875 डॉलर प्रति औंस और स्पॉट सिल्वर 5.82 प्रतिशत लुढ़ककर 49.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
अमेरिकी फेड के फैसले से कीमतों पर दबाव
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के कारण सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। फेड ने ब्याज दरों को 3.75 से 4 प्रतिशत के बीच स्थिर रखा, लेकिन महंगाई को लेकर चिंता जताई। इसके बाद बाजार में भविष्य में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका मजबूत हुई है।
आगे कैसी रह सकती है सोने-चांदी की कीमतें?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों की दिशा अमेरिकी डॉलर, बॉन्ड यील्ड, फेडरल रिजर्व की नीतियों और कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करेगी। मौजूदा गिरावट लंबी अवधि के निवेशकों और त्योहारों पर खरीदारी करने वालों के लिए अवसर बन सकती है। हालांकि, बाजार में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।

