Bank Holidays October 2026: अक्टूबर में 12 दिन बंद रहेंगे बैंक, त्योहारों के साथ मिलेंगी साप्ताहिक छुट्टियां, देखें पूरी लिस्ट

Bank Holidays October 2026: अक्टूबर में 12 दिन बंद रहेंगे बैंक, त्योहारों के साथ मिलेंगी साप्ताहिक छुट्टियां, देखें पूरी लिस्ट

Bank Closed October 2026: नई दिल्ली: अक्टूबर का महीना त्योहारों और छुट्टियों से भरा रहने वाला है। ऐसे में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो बैंक जाने से पहले छुट्टियों की तारीख जरूर देख लें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक अक्टूबर 2026 में अलग-अलग राज्यों में त्योहारों और क्षेत्रीय पर्वों के चलते कई दिन बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

अक्टूबर में महात्मा गांधी जयंती, दुर्गा पूजा, दशहरा, महर्षि वाल्मीकि जयंती, करवा चौथ और सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती समेत कई अवसरों पर अलग-अलग राज्यों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इसके अलावा रविवार और महीने के दूसरे व चौथे शनिवार को भी बैंक बंद रहेंगे।

2 अक्टूबर को पूरे देश में बैंक बंद

2 अक्टूबर, शुक्रवार को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसके बाद 10 अक्टूबर को दूसरा शनिवार होने के कारण बैंकिंग अवकाश रहेगा।

दुर्गा पूजा और दशहरा पर कई राज्यों में छुट्टी

17 अक्टूबर को त्रिपुरा में महा सप्तमी के कारण बैंक बंद रहेंगे। 19 अक्टूबर को दुर्गा पूजा, महाअष्टमी, महानवमी और अयुथ जैसे अवसरों के चलते त्रिपुरा, मिजोरम, कोलकाता, गुवाहाटी, ओडिशा, तमिलनाडु, असम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, नागालैंड, झारखंड और मेघालय में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। 20 अक्टूबर, मंगलवार को विजयादशमी और दशहरा के अवसर पर मणिपुर को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे। वहीं 21 अक्टूबर को त्रिपुरा, कर्नाटक, सिक्किम, असम, केरल और पश्चिम बंगाल में विजयादशमी और दुर्गा पूजा के चलते बैंक अवकाश रहेगा।

सिक्किम में लगातार तीन दिन बैंक अवकाश

सिक्किम में 22 और 23 अक्टूबर को दुर्गा पूजा (दसैन) के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसके अलावा 21 अक्टूबर को भी सिक्किम में बैंक अवकाश रहेगा। इस तरह सिक्किम में लगातार तीन दिन बैंकिंग कामकाज प्रभावित रहेगा। 24 अक्टूबर, शनिवार को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे।

26 अक्टूबर को कई राज्यों में बैंक बंद

26 अक्टूबर को त्रिपुरा, चंडीगढ़, जम्मू, हिमाचल प्रदेश और श्रीनगर में लक्ष्मी पूजा, प्रवेश दिवस और महर्षि वाल्मीकि जयंती जैसे अवसरों के चलते बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसके बाद 29 अक्टूबर को शिमला में करवा चौथ के कारण बैंक अवकाश रहेगा, जबकि 31 अक्टूबर को अहमदाबाद में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।

अक्टूबर में 4 रविवार को भी रहेगा बैंक अवकाश

त्योहारों के अलावा अक्टूबर में चार रविवार पड़ेंगे। 4, 11, 18 और 25 अक्टूबर को रविवार होने के कारण देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

त्रिपुरा में सबसे ज्यादा 12 दिन बैंक बंद

राज्यस्तरीय छुट्टियों और नियमित साप्ताहिक अवकाश को मिलाकर त्रिपुरा में अक्टूबर के दौरान सबसे अधिक 12 दिन बैंक शाखाएं बंद रहने की बात कही गई है। यहां 2, 17, 19, 20, 21 और 26 अक्टूबर को अलग-अलग अवसरों पर बैंक अवकाश रहेगा। इसके अलावा चार रविवार और दो शनिवार की छुट्टियां भी शामिल हैं। इसी तरह पश्चिम बंगाल में 11 दिन और गंगटोक में 10 दिनों तक बैंकिंग अवकाश रहने की जानकारी दी गई है।

बैंक बंद होने पर भी ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी जारी

बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और ATM जैसी सेवाएं सामान्य तौर पर उपलब्ध रहेंगी। हालांकि, चेक क्लियरिंग, नकद लेनदेन और बैंक शाखा से जुड़े जरूरी कामों के लिए छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए पहले से योजना बनाना बेहतर रहेगा।

अक्टूबर में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो अपने राज्य और शहर के अनुसार बैंक अवकाश की तारीख जरूर जांच लें, क्योंकि RBI की छुट्टियां राज्य और क्षेत्र के हिसाब से अलग-अलग हो सकती हैं।


Related Articles