Raipur News: कमल वर्मा बोले- संगठन की गतिविधियों और आंदोलनों में दोनों अधिकारियों के अनुभव का लिया जाएगा लाभ

Raipur News: कमल वर्मा बोले- संगठन की गतिविधियों और आंदोलनों में दोनों अधिकारियों के अनुभव का लिया जाएगा लाभ

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के तत्वावधान में इंद्रावती भवन में संघ से लंबे समय तक जुड़े रहे अपर संचालक भूपेंद्र पांडेय और संयुक्त संचालक नंदलाल चौधरी के सेवानिवृत्त होने पर अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के संगठनात्मक योगदान को याद करते हुए उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के उपाध्यक्ष दिलदार मरावी ने कहा कि दोनों अधिकारी अपने शासकीय दायित्वों के प्रति सदैव समर्पित रहे और कर्मचारियों एवं अधिकारियों को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर प्रयास करने के लिए प्रेरित करते रहे। डीपी टावरी और पूषण साहू ने कहा कि राजपत्रित अधिकारी संघ को मजबूत एवं संगठित करने में दोनों अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कर्मचारी संगठनों से आपसी एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।

अभिषेक शर्मा और पीएल साहरा ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ कर्मचारी संगठनों को मिलता रहना चाहिए। वहीं संजय अम्बस्त और मौसम मेहरा ने उनके संगठनात्मक योगदान को रेखांकित करते हुए अधिकारियों से अपने अधिकारों के लिए संगठित प्रयास जारी रखने की बात कही।

जय कुमार साहू और संतोष कुमार वर्मा ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के विभिन्न आंदोलनों को सफल बनाने में दोनों अधिकारियों के योगदान और रणनीतिक भूमिका का उल्लेख करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने कहा कि राजपत्रित अधिकारी संघ को प्रदेशभर में संगठित करने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में भूपेंद्र पांडेय एवं नंदलाल चौधरी का उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों की सक्रिय भूमिका और अनुभव संगठन की महत्वपूर्ण पूंजी है। भविष्य में भी संगठनात्मक गतिविधियों और आंदोलनों के दौरान उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन का लाभ लिया जाएगा।

अभिनंदन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नंदलाल चौधरी ने कहा कि राजपत्रित अधिकारी संघ को लेकर उन्होंने जो सपना देखा था, वह आज साकार हो चुका है। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और संघर्ष के माध्यम से प्रदेश के शासकीय सेवकों को महत्वपूर्ण आर्थिक लाभ प्राप्त हुए हैं। उन्होंने सभी कर्मचारी और अधिकारी संगठनों से भविष्य में भी एकता बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन संघ के महासचिव अविनाश तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों को संघ के साथ निरंतर जोड़कर उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलता रहना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में डीपी टावरी ने सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।


Related Articles