Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली रवाना हुए हैं। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद को लेकर अहम बैठक होगी। बैठक में दोनों राज्यों के हितों और महानदी के जल बंटवारे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महानदी जल विवाद को लेकर केंद्रीय जल आयोग (CWC) को पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि दोनों प्रदेशों के हित में जो भी निर्णय होगा, छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सरकारें उसे मानेंगी।
मुख्यमंत्री साय ने अपने प्रस्तावित सिंगापुर दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ की विकास उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। सिंगापुर दौरे के दौरान वे निवेशकों और व्यापारियों से मुलाकात करेंगे तथा प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
सीएम साय ने कहा कि सिंगापुर दौरे के माध्यम से कौशल विकास, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के क्षेत्र में नए अवसरों के रास्ते खुलने की उम्मीद है।

