Raipur News: 1,000 करोड़ के कथित घोटाले की जांच तेज, कारोबारी की गिरफ्तारी के बाद कई बड़े खुलासों की उम्मीद

Raipur News: 1,000 करोड़ के कथित घोटाले की जांच तेज, कारोबारी की गिरफ्तारी के बाद कई बड़े खुलासों की उम्मीद

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक संजय पाठक के परिवार की कंपनियों से जुड़े करीब 1,000 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में रायपुर के कारोबारी महेंद्र गोयनका को कोलकाता पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। अदालत में पेशी के बाद आरोपी को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस फर्जी दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन और कथित साजिश से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच करेगी।

पुलिस के अनुसार, महेंद्र गोयनका पहले संजय पाठक के परिवार की कंपनी यूरो प्रतीक इस्पात इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में प्रमुख प्रबंधकीय पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज और जाली हस्ताक्षरों के जरिए परिवार की कई कंपनियों पर अवैध नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया। साथ ही कंपनी के माल की कथित अनियमित बिक्री और वित्तीय गड़बड़ियों के जरिए करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।

इस मामले में कोलकाता में भारतीय दंड संहिता की धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के आधार पर कोलकाता पुलिस ने दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

जांच एजेंसियों के अनुसार, महेंद्र गोयनका और उसके सहयोगियों के खिलाफ मध्य प्रदेश के कटनी जिले में भी जालसाजी और धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज हैं। कुछ सह-आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी हैं, जबकि कुछ आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

इधर, कारोबारी की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसियां कारोबारी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही हैं। हालांकि, कुछ प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों से जुड़े दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।


Related Articles