Gariaband News: इको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा, गरियाबंद के अनछुए पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाएंगी महिला राइडर्स

Gariaband News: इको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा, गरियाबंद के अनछुए पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाएंगी महिला राइडर्स

Chhattisgarh Gariaband News:गरियाबंद। छत्तीसगढ़ की मोटो क्वींस एडवेंचर की 30 महिला बाइक राइडर्स तीन दिवसीय पर्यटन यात्रा के तहत गरियाबंद पहुंचीं। इस दौरान वे जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और जलप्रपातों का भ्रमण करते हुए इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ सड़क सुरक्षा, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण का संदेश देंगी।

इस विशेष बाइक राइड में डॉक्टर, इंजीनियर, गृहिणियां और छात्राएं शामिल हैं। यात्रा का उद्देश्य गरियाबंद के प्राकृतिक और कम चर्चित पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया में पहचान दिलाना तथा पर्यटन को प्रोत्साहित करना है।

महिला राइडर्स के दल को गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर्य और उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा के दौरान टीम लोगों को हेलमेट पहनने, सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करेगी।

मोटो क्वींस की टीम लीडर अनुराधा दुबे ने बताया कि प्रदेश के पर्यटन मंत्री द्वारा दिए गए ट्रिपल-S यानी सुरक्षा, स्वच्छता और संस्कार के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि यह पहल छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित की जा रही है, जिससे प्रदेश के अनछुए पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिले और महिलाओं को आत्मनिर्भर व साहसी बनने की प्रेरणा मिल सके। यात्रा के दौरान महिला राइडर्स गरियाबंद से ओढ़ गांव सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगी।


Related Articles