Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। देशभर में बैंक अधिकारी-कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर हैं। इसका असर बैंकिंग सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 5-डे बैंकिंग वर्किंग वीक लागू करना और PLI यानी परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव में समानता शामिल है। रायपुर में PNB परिसर मोती बाग चौक में बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया।
जगदलपुर में भी बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों का कहना है कि 5-डे बैंकिंग की मांग लंबे समय से लंबित है। उनका कहना है कि अन्य वित्तीय संस्थानों की तरह बैंकिंग क्षेत्र में भी पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। इससे कर्मचारियों को काम और निजी जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद मिलेगी।
हड़ताल में सरकारी और निजी क्षेत्र के करीब 28 बैंकों के अधिकारी-कर्मचारियों के शामिल होने का दावा किया गया है। बैंक कर्मचारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि हड़ताल के दौरान एटीएम, यूपीआई और नेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करें।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर आज की हड़ताल के बाद भी उनकी मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस फैसला नहीं लिया जाता है तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया जाएगा।

