Chhattisgarh Raipur Latest News: रायपुर। भारतीय किसान संघ के बैनर तले हजारों किसानों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अन्नदाता गर्जना रैली निकाली। नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर प्रदर्शन के बाद किसान महानदी भवन मंत्रालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़े, लेकिन रेलवे ब्रिज के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद नाराज किसान सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
भारतीय किसान संघ के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष माधो सिंह ने बताया कि किसान अपनी 10 प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इनमें गौ संरक्षण के लिए गौवंदन योजना लागू करने और जी-राम-जी योजना को इससे जोड़ने की मांग शामिल है। किसानों ने वर्ष 2022-23 के धान खरीदी के बकाया 1,700 करोड़ रुपये का तत्काल भुगतान करने और धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3,358 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग भी उठाई है। इसके साथ ही फल और सब्जी उत्पादक किसानों को कृषक उन्नति योजना में शामिल करने की मांग की गई है।
किसानों की मांग है कि धान खरीदी 15 नवंबर से 15 फरवरी तक की जाए और तौल की सीमा 40 किलो 700 ग्राम निर्धारित हो। उन्होंने बड़े किसानों को पांच, लघु किसानों को तीन और सीमांत किसानों को दो टोकन देने की मांग रखी है। बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कर तत्काल मुआवजा देने तथा अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के साथ पैरी हाईडैम को मंजूरी देने की मांग भी शामिल है।
इसके अलावा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई, उदयपुर डिक्लेरेशन के अनुसार भूमि अधिग्रहण और मक्का व गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग की गई है। किसानों का कहना है कि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान हो सके।

