Raipur News: मीडिया आयोग से लेकर पत्रकार सुरक्षा कानून तक, छह मांगों को लेकर राज्यपाल रमेन डेका को सौंपा ज्ञापन

Raipur News: मीडिया आयोग से लेकर पत्रकार सुरक्षा कानून तक, छह मांगों को लेकर राज्यपाल रमेन डेका को सौंपा ज्ञापन

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन छत्तीसगढ़ ने इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (IJU) से संबद्धता के तहत 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर ‘डिमांड डे’ मनाया। इस दौरान पत्रकारों ने लाल बहादुर शास्त्री और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रपति के नाम दिए जाने वाले ज्ञापन का पाठ किया गया। पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल बाद में लोक भवन पहुंचा और राज्यपाल रमेन डेका को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में पत्रकारों और मीडिया कर्मियों से जुड़ी छह प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें बदलते मीडिया परिदृश्य को देखते हुए नए मीडिया आयोग के गठन, पत्रकारों और मीडिया कर्मियों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने तथा छत्तीसगढ़ के पत्रकार सुरक्षा कानून में आवश्यक संशोधन के लिए पत्रकारों की समिति गठित करने की मांग शामिल है।

यूनियन ने कार्यरत पत्रकारों के लिए नौकरी की सुरक्षा, निर्धारित कार्य घंटे, सेवा शर्तों और विवाद समाधान के लिए प्रभावी कानूनी संरक्षण देने की मांग भी रखी। इसके अलावा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्यरत पत्रकारों एवं गैर-पत्रकार कर्मचारियों के लिए नए वेतन बोर्ड के गठन की मांग की गई।

ज्ञापन में वर्ष 2020 से बंद पत्रकारों को रेल टिकट और आरक्षण में मिलने वाली रियायत को फिर से शुरू करने तथा केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के लिए व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग भी शामिल रही।

छत्तीसगढ़ स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष पीसी रथ ने कहा कि स्वतंत्र, सुरक्षित और आर्थिक रूप से सशक्त प्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से पत्रकारों की लंबे समय से लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।

कार्यक्रम में IJU के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिलीप साहू, CSWJU के महासचिव सुधीर आजाद तम्बोली, CSWJU जिलाध्यक्ष राहुल सिन्हा, लविंदर पाल, सैय्यद सलमा, अमित बाघ, जितेंद्र साहू, जयदास मानिकपुरी, दीपेश सोनकर, सीएस नाग, शमीम, अरुण जंघेल, नीलचरण पटेल, मिथलेश कुमार, मौसम साहू, संस्कार तंबोली, थारून निषाद, नंदकुमार मूलचंदानी, जी. नरेश राव सहित अन्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे।


Related Articles