Raigarh News: रायगढ़ में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 37.45 क्विंटल बीज की बिक्री और वितरण पर रोक

Raigarh News: रायगढ़ में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 37.45 क्विंटल बीज की बिक्री और वितरण पर रोक

रायगढ़। खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिलेभर में बीज विक्रय केंद्रों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान बीज नियंत्रण आदेश-1983 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने 37.45 क्विंटल बीज के विक्रय, वितरण और परिवहन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।

उप संचालक कृषि अनिल वर्मा ने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में संचालित 18 बीज विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में बीजों के वैध स्रोत प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए, जिसके चलते नियमानुसार कार्रवाई की गई।

कई बीज विक्रय केंद्रों में मिली अनियमितताएं

निरीक्षण के दौरान खरसिया स्थित मेसर्स जय बालाजी एजेंसी, समलेश्वरी बीज भंडार पटेलपाली, बालाजी बीज भंडार पटेलपाली, मुकेश बीज भंडार धरमजयगढ़, श्री श्याम कृषि केंद्र सिसरिंगा तथा सागर कृषि केंद्र पुसौर सहित कई बीज विक्रय केंद्रों में बीजों के स्रोत संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

कृषि विभाग ने इसे बीज नियंत्रण आदेश-1983 के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित बीजों के विक्रय और वितरण पर प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई की।

जय बालाजी एजेंसी में धान बीज की बिक्री पर रोक

खरसिया स्थित मेसर्स जय बालाजी एजेंसी में अंकुर सीड और मनसा सीड के स्रोत प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके चलते अंकुर सोनम और मनसा विराट धान बीज के उपलब्ध स्टॉक की बिक्री, वितरण और परिवहन पर रोक लगा दी गई है।

विभाग का कहना है कि वैध दस्तावेजों के अभाव में बीजों की गुणवत्ता और स्रोत की पुष्टि नहीं हो पाती, जिससे किसानों को नुकसान होने की आशंका रहती है।

चार केंद्रों में सात दिनों के लिए बिक्री प्रतिबंधित

रायगढ़ विकासखंड के समलेश्वरी बीज भंडार, बालाजी बीज भंडार, मुकेश बीज भंडार तथा श्री श्याम कृषि केंद्र में पान सीड्स प्राइवेट लिमिटेड के बीजों के स्रोत प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। इस कारण संबंधित बीजों की बिक्री पर सात दिनों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है।

कृषि विभाग ने निर्देश दिए हैं कि निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएं, अन्यथा आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुसौर में आईआर-64 धान बीज की बिक्री भी रोकी गई

पुसौर स्थित सागर कृषि केंद्र में धान की किस्म आईआर-64 के स्रोत प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके चलते उक्त बीज के विक्रय, वितरण और परिवहन पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

9 बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस

निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों में मासिक प्रतिवेदन, स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेखों का समुचित संधारण नहीं पाया गया। इस पर कृषि विभाग ने 9 बीज विक्रय केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

विभाग ने संबंधित संचालकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा है।

107 बीज नमूने जांच के लिए भेजे गए

बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने जिलेभर से कुल 107 नमूने एकत्र कर राज्य स्तरीय बीज गुण नियंत्रण प्रयोगशाला भेजे हैं। इनमें 84 नमूने सहकारी क्षेत्र से तथा 23 नमूने निजी क्षेत्र से लिए गए हैं।

प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी बीज की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है, तो संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

किसानों से अधिकृत विक्रेताओं से बीज खरीदने की अपील

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खरीफ सीजन की मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में प्रमाणित बीज उपलब्ध हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे केवल सेवा सहकारी समितियों और अधिकृत बीज विक्रेताओं से ही बीज खरीदें।

साथ ही बीज खरीदते समय पक्का बिल अवश्य लें, ताकि भविष्य में गुणवत्ता संबंधी किसी भी शिकायत या विवाद की स्थिति में उसका समाधान आसानी से किया जा सके।

कृषि विभाग का कहना है कि किसानों के हितों की रक्षा और गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Related Articles