Rahul Gandhi Visit Chhattisgarh: रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। वे रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में करीब चार घंटे तक मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे और शाम 6 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। इस दौरान वे जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे और संगठन को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
राहुल गांधी के दौरे से पहले प्रदेश की सियासत गर्म हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने उनके दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि यही भगवान राम हैं, जिनके अस्तित्व को राहुल गांधी ने कभी स्वीकार नहीं किया था। पुरंदर मिश्रा ने सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्या सिखाने आ रहे हैं। क्या वे भ्रष्टाचार की ट्रेनिंग देने आए हैं या फिर ‘आलू से सोना निकालने’ जैसी बातें सिखाने आए हैं।
भाजपा विधायक के बयान पर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर भाजपा उनका इलाज नहीं करा पा रही है तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि पुरंदर मिश्रा अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने उन्हें ‘एक्सीडेंटल विधायक’ बताते हुए कहा कि वे अनावश्यक बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।
राहुल गांधी के दौरे से पहले भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी ने प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। अब सभी की नजरें अभनपुर में होने वाले कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर और राहुल गांधी के संबोधन पर टिकी हुई हैं।

