Chhattisgarh Latest News: रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के मौके पर छत्तीसगढ़ में भाजपा की ओर से अलग-अलग जिलों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कहीं सेवा अभियान चलाया जाएगा तो कहीं दीप जलाकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया जाएगा। रायपुर, बिलासपुर और भिलाई में बड़े स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है।
रायपुर में 25 लाख दीयों से जगमगाएगा मरीन ड्राइव
रायपुर के मरीन ड्राइव में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां करीब 25 लाख दीये जलाने की तैयारी है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम शाम 7 बजे प्रस्तावित है। बड़े आयोजन को देखते हुए यातायात पुलिस ने लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायवर्सन और पार्किंग प्लान जारी किया है।
बिलासपुर में जलेंगे 1.25 लाख ‘आशीर्वाद के दीये’
बिलासपुर के पुलिस मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 1.25 लाख ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6.15 बजे वंदेमातरम के गायन से होगी। इसके बाद शाम 6.30 से 7 बजे तक 1.25 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों की ओर से ‘सुर संध्या’ की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
हितग्राहियों को सौंपी जाएंगी प्रधानमंत्री आवास की चाबियां
बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को उनके नवनिर्मित मकानों की चाबियां भी सौंपी जाएंगी। कार्यक्रम में भाजपा के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
भिलाई में भी एक लाख दीप जलाने की तैयारी
भिलाई में भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 1 लाख दीप जलाए जाएंगे। भाजपा की ओर से आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित दीप जलाने के कार्यक्रम में मितानिनों, शिक्षकों और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों तक को लगाया जा रहा है। यह कांग्रेस की ओर से लगाया गया आरोप है।

