Chhattisgarh Latest News: सारंग के कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’, तिरंगे की फॉर्मेशन ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह

Chhattisgarh Latest News: सारंग के कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’, तिरंगे की फॉर्मेशन ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का साक्षी बना। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल देखी। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम के जवानों ने रोमांचकारी करतबों और बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन किया। पांच हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन, तिरंगे की छटा और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने दर्शकों को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

मुख्यमंत्री साय ने वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सारंग टीम का यह आयोजन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। जवानों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचय है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, आपसी विश्वास, टीम भावना और उत्कृष्टता का उदाहरण है। हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन के पीछे विस्तृत योजना, निरंतर अभ्यास, एकाग्रता और असाधारण तालमेल होता है। प्रत्येक पायलट को अपनी भूमिका के साथ-साथ अपने साथियों की गतिविधियों का भी ध्यान रखना पड़ता है।

हवाई प्रदर्शन की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जवानों ने खुले आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट को नियंत्रित किया और सेंध लेक के सामने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। उनके साहस, संतुलन और प्रशिक्षण को देखकर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। जवानों ने हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का अभ्यास प्रदर्शित किया। इस प्रस्तुति में विशेष बलों की परिचालन क्षमता, त्वरित कार्रवाई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मिशन पूरा करने की दक्षता देखने को मिली।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों का प्रदर्शन रहा। पायलटों ने सटीक नियंत्रण और बेहतरीन तालमेल के साथ कई आकर्षक फॉर्मेशन और साहसिक करतब दिखाए। हेलीकॉप्टरों के एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरने वाले ‘क्रॉसओवर’ करतब ने दर्शकों की सांसें थाम दीं। अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरने के बाद हेलीकॉप्टरों का फिर से निर्धारित फॉर्मेशन में आना भी आकर्षण का केंद्र रहा।

प्रदर्शन के दौरान सारंग टीम के कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष भी सुनाई दिया। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के इस अभिवादन पर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की धुन के बीच हेलीकॉप्टरों ने तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन बनाई। इस दृश्य ने पूरे वातावरण को राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना से भर दिया।

भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरिशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अपने हवाई प्रदर्शन कर चुकी है। इसके करतब भारतीय वायु सेना की उड़ान दक्षता, अनुशासन और तकनीकी कौशल का परिचय देते हैं।

उल्लेखनीय है कि फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में सारंग टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन होगा। इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, भारतीय वायु सेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


Related Articles