Online Betting in Durg: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। छावनी थाना पुलिस ने रविवार को घेराबंदी कर एक ऐसे युवक को पकड़ा, जो कार के भीतर बैठकर मोबाइल एप के जरिए अवैध सट्टा संचालन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कार, लैपटॉप और महंगे मोबाइल फोन सहित लाखों रुपए के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कैम्प-2 स्थित बैकुंठ धाम वाटिका गेट के सामने एक व्यक्ति “गुरु 777” नामक एप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक क्रेटा कार को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच में पाया गया कि कार में बैठा व्यक्ति मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहा था। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान इरफान पाशा (उम्र लगभग 35 वर्ष), निवासी खुर्सीपार, भिलाई के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक क्रेटा कार, डेल इंस्पिरॉन लैपटॉप, आईफोन 16 प्रो मैक्स सहित एक अन्य स्मार्टफोन जब्त किया है। जब्त किए गए सभी उपकरणों की कुल कीमत लाखों रुपए आंकी गई है, जिनका उपयोग सट्टा संचालन में किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी “गुरु 777” एप के जरिए लोगों से हार-जीत पर दांव लगवाता था और इस अवैध कारोबार के माध्यम से मोटी कमाई कर रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इसका विस्तार किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
छावनी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, पुलिस अब इस पूरे सट्टा नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इसमें शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध सट्टा और ऑनलाइन जुए के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

