Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर क्षेत्र के विधायक देवेंद्र यादव ने सेक्टर-5 स्थित अपने कार्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान खुर्सीपार, छावनी, नंदिनी रोड, हुडको, सेक्टर-7 और सेक्टर-8 से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं।
जनसुनवाई में शिक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। अभिभावकों ने आत्मानंद स्कूल में बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त सेक्शन शुरू करने की मांग की। वहीं, कुछ निजी स्कूलों में टाउनशिप स्टाफ क्वार्टर में रहने वाले बच्चों को आरटीई के तहत प्रवेश से वंचित किए जाने पर नाराजगी जताई गई।
इसके अलावा पेयजल संकट और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भी लोगों ने विधायक का ध्यान आकर्षित किया। कई इलाकों में नियमित जल आपूर्ति नहीं होने से हो रही परेशानी पर तत्काल कार्रवाई की मांग उठी।
विधायक देवेंद्र यादव ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है और किसी भी मुद्दे को अनदेखा नहीं किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर एटीएम की व्यवस्था जल्द शुरू करने का भी आश्वासन दिया। साथ ही भिलाई नगर के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रहने की बात कही।
इस अवसर पर हुडको ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष दानेश्वरी साहू और उनकी टीम ने भी विधायक से मुलाकात कर क्षेत्रीय मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।

