Chhattisgarh Latest News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के ‘गूगल बॉय’ के नाम से प्रसिद्ध रुद्र शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक और समाजहितैषी पहल करते हुए “उन्नति डहर निशुल्क विद्या मंदिर” शुरू करने की घोषणा की है। इस अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब और विशेष रूप से सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी विद्यार्थी आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से समझौता न करे।
इस पहल के तहत कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। इसके अलावा CGPSC, UPSC, छत्तीसगढ़ व्यापम सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी बिना किसी शुल्क के कराई जाएगी।
रुद्र शर्मा ने सभी विद्यार्थियों, विशेषकर सरकारी स्कूलों के गरीब एवं मेहनती छात्र-छात्राओं से इस अभियान से जुड़ने की अपील की है। उनका कहना है कि कई प्रतिभाशाली छात्र आर्थिक तंगी के कारण महंगे कोचिंग संस्थानों में प्रवेश नहीं ले पाते और उनके सपने अधूरे रह जाते हैं। ऐसे विद्यार्थियों को अब बिना किसी आर्थिक चिंता के बेहतर मार्गदर्शन और शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि कई बार उन्होंने ऐसे विद्यार्थियों को देखा है जो अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए कड़ाके की ठंड, तेज बारिश और भीषण गर्मी में अखबार बांटते हैं, मजदूरी करते हैं या छोटे-मोटे काम करके फीस जुटाने का प्रयास करते हैं। इन्हीं संघर्षों ने उन्हें यह संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया कि किसी भी बच्चे की शिक्षा केवल पैसों की कमी के कारण अधूरी नहीं रहनी चाहिए।
रुद्र शर्मा ने कहा कि “उन्नति डहर निशुल्क विद्या मंदिर” केवल एक कोचिंग संस्थान नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने का एक सामाजिक अभियान है। उनका मानना है कि सफलता के लिए पैसों से अधिक हौसला, मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन जरूरी है। उन्होंने सभी जरूरतमंद छात्र-छात्राओं से इस अभियान से जुड़कर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहला कदम बढ़ाने का आह्वान किया।

