Bijapur News: बीजापुर में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता: झारखंड में सक्रिय 8 माओवादी कैडरों ने किया आत्मसमर्पण, 49 लाख का था इनाम

Bijapur News: बीजापुर में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता: झारखंड में सक्रिय 8 माओवादी कैडरों ने किया आत्मसमर्पण, 49 लाख का था इनाम

Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड राज्य में सक्रिय प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के 8 माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए बीजापुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों में 5 महिला और 3 पुरुष शामिल हैं। इन सभी पर कुल 49 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादी लंबे समय से झारखंड के विभिन्न इलाकों में सक्रिय थे। छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति, पुनर्वास कार्यक्रमों तथा आदिवासी क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। इस प्रक्रिया में झारखंड पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और बीजापुर पुलिस की समन्वित भूमिका महत्वपूर्ण रही।

आत्मसमर्पण करने वालों में दक्षिण जोनल कमेटी और कोल्हान एरिया कमेटी के सदस्य भी शामिल हैं। इनमें अश्विन उर्फ लच्छू, रंगा उर्फ सोहन और दोबा माड़वी उर्फ राहत पर 8-8 लाख रुपये, जबकि फगनी पोयाम उर्फ रजनी, सूरज मुन्नी चम्पिया उर्फ सुबनी, हिड़मे कड़ती उर्फ रीता, बुधरी कुंजाम उर्फ अनुषा और सलमी चम्पिया उर्फ जिलानी पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों के बढ़ते प्रभाव, माओवादी संगठन की कमजोर होती स्थिति, उसकी हिंसक और जनविरोधी विचारधारा से मोहभंग तथा पूर्व नक्सलियों के सफल पुनर्वास से प्रेरित होकर इन कैडरों ने हथियार छोड़ने का निर्णय लिया।

आत्मसमर्पण करने वाले सभी कैडरों को छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा, स्वरोजगार और रोजगार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला प्रशासन और पुलिस उनके सम्मानजनक पुनर्वास के लिए निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन भी प्रदान करेंगे।


Related Articles