बिलासपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: लाखों की अवैध लकड़ी जब्त, आरोपी फरार

बिलासपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: लाखों की अवैध लकड़ी जब्त, आरोपी फरार

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए की लकड़ी जब्त की है। संयुक्त टीम की दबिश के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

मुख्य वन संरक्षक और वनमंडल अधिकारी के निर्देश पर कोटा वन परिक्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। वन विभाग, उड़नदस्ता और पुलिस की टीम ने सर्च वारंट के आधार पर अमलीकांपा गांव में आरोपी पिंकू खांडे और गीता खांडे के घर छापा मारा।

दबिश के दौरान टीम को घर और बाड़ी से बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी और एक रमदा मशीन बरामद हुई। जब्त वनोपज में 2.372 घन मीटर सागौन, 0.794 घन मीटर साल और 0.040 घन मीटर शीशम शामिल है। इनकी कुल कीमत करीब 3.24 लाख रुपये आंकी गई है।

वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया। अधिकारियों ने बताया कि उसकी तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। जब्त लकड़ी को सेल डिपो कोटा भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में वन विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस टीम भी शामिल रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


Related Articles