Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राहुल गांधी की ओर से बहस की चुनौती दिए जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी को ‘दिमागी नक्सली’ बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री से बहस करने से पहले उन्हें भाजपा के किसी छोटे कार्यकर्ता या उनसे खुद बहस कर लेनी चाहिए।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी को सीधे तौर पर दिमागी नक्सली नहीं कहा है, बल्कि राहुल गांधी ने अपनी मानसिकता और मनोभावों से यह जाहिर किया है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी के मनोभाव में नक्सली सोच दिखाई देती है। इसी आधार पर उन्होंने राहुल गांधी के लिए ‘दिमागी नक्सली’ शब्द का इस्तेमाल किया।
पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी को बहस की चुनौती देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री से बहस करने की बात करने के बजाय पहले उन्हें भाजपा के किसी छोटे कार्यकर्ता या उनसे खुद बहस कर लेनी चाहिए।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली के अवसर पर बस्तर पहुंचे थे। यहां उन्होंने जवानों के साथ दीपावली मनाई और मिठाई बांटकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। अपने संबोधन में उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा था कि हथियारबंद माओवादियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है, लेकिन नक्सलवाद का खतरा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया था कि ‘दिमागी नक्सली’ राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों में घुसपैठ कर चुके हैं तथा लोगों को संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ भड़काने का काम कर रहे हैं।
पीएम मोदी के इस बयान पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पलटवार किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती देते हुए कहा था कि इस मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए कि कौन देशद्रोही है और कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है। राहुल गांधी की इसी चुनौती के बाद पुरंदर मिश्रा का बयान सामने आया है।

