Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। इन तीनों शहरों को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चुना गया है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में चयनित शहरों को सम्मानित करेंगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित यह पुरस्कार समारोह सुबह 11:30 बजे शुरू होगा।
समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण है। इस बार इसकी थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसके माध्यम से स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है। प्रदेश के चयनित शहरों में स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों और स्थानीय नागरिकों की अहम भूमिका रही है।
खास बात यह है कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण संस्करण में भी राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। लगातार दूसरे साल इन शहरों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना छत्तीसगढ़ में स्वच्छता अभियान और जनभागीदारी के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

