Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़ में स्टार्टअप और तकनीकी नवाचार को मिलेगा बढ़ावा, CM साय ने NIT रायपुर में रखी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की आधारशिला

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़ में स्टार्टअप और तकनीकी नवाचार को मिलेगा बढ़ावा, CM साय ने NIT रायपुर में रखी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की आधारशिला

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 88 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को संस्थान परिसर में श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की आधारशिला रखी। इस केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को नए विचारों पर अनुसंधान, तकनीकी समाधान विकसित करने और उन्हें स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और मार्गदर्शन देने की है। सरकार ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जहां युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए दूसरे महानगरों की ओर नहीं जाना पड़े, बल्कि वे प्रदेश में ही नए आविष्कार करें, उद्योग स्थापित करें और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करें। उन्होंने कहा कि युवा केवल रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस केवल एक भवन नहीं, बल्कि प्रदेश की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और संभावनाओं को साकार करने का केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों को अपने विचारों पर शोध करने, प्रोटोटाइप तैयार करने और उन्हें व्यावसायिक स्वरूप देने के लिए जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। इससे प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को मजबूती मिलेगी और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप नई तकनीकों का विकास हो सकेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के उद्यमी रामदेव अग्रवाल का विशेष अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि रामदेव अग्रवाल ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दूरदर्शिता से देश के उद्योग एवं वित्तीय जगत में पहचान बनाई है। अपनी माता मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में इस संस्थान की स्थापना का संकल्प लेकर उन्होंने मातृभक्ति, कृतज्ञता और समाजसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस परियोजना में मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन की ओर से 71 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने NIT रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा विकसित स्टार्टअप और तकनीकी मॉडलों का भी अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कचरा प्रबंधन, दवाइयों की होम डिलीवरी, औद्योगिक उपकरणों एवं धातुओं में खराबी की पहचान और हेलमेट के माध्यम से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे नवाचार प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक तभी सार्थक है, जब वह आम लोगों के जीवन को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने नवाचारों को शैक्षणिक परियोजनाओं तक सीमित न रखकर सफल स्टार्टअप और उद्यमों में बदलने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज संपदा और पारंपरिक उद्योगों के साथ उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाइयों की स्थापना की दिशा में काम हो रहा है और AI डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जा रहा है। नवा रायपुर में आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने NIT रायपुर, IIT भिलाई, IIM रायपुर और IIIT जैसे संस्थानों को प्रदेश की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि इनकी शैक्षणिक और अनुसंधान क्षमता को उद्योगों तथा उद्यमिता से जोड़ने की जरूरत है।

साय ने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके माध्यम से युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन, पूंजी और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र और नई प्रौद्योगिकी प्रयोगशालाएं स्थापित करने की पहल भी की जा रही है। वहीं, मुख्यमंत्री AI मिशन के अंतर्गत 500 करोड़ रुपये के निवेश का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत 100 AI डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में काम होगा।

उन्होंने कहा कि तकनीकी विकास का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बस्तर और सरगुजा सहित दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं तक भी आधुनिक शिक्षा, तकनीक और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब कोई युवा अपना उद्यम स्थापित करता है, तो वह न केवल अपना भविष्य संवारता है, बल्कि अनेक परिवारों की आजीविका का आधार भी बनता है।

लगभग 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले इस सेंटर का कुल निर्मित क्षेत्रफल करीब 12,307 वर्गमीटर होगा। बेसमेंट, भूतल और छह मंजिलों वाले भवन में सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स एवं कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन एवं साइबर सुरक्षा, थ्री-डी प्रिंटिंग एवं एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, एआर-वीआर एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स तथा क्लीनटेक एवं सस्टेनेबिलिटी की लैब शामिल होंगी।

केंद्र में स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एवं को-वर्किंग स्पेस, स्मार्ट क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रदर्शनी क्षेत्र, एम्फीथिएटर और आवासीय सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। नवोदित उद्यमियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रोटोटाइप तैयार करने की सुविधा और निवेशकों, बैंकों तथा शासकीय योजनाओं से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक और ITI के विद्यार्थियों के साथ कार्यरत पेशेवर भी यहां प्रशिक्षण एवं कौशल विकास का लाभ उठा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह केंद्र छत्तीसगढ़ को नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


Related Articles