Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत धनेली सकरा के कार्यालय में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। नालसा की ‘आशा’ (जागरूकता, समर्थन, सहायता और कार्रवाई) योजना के अंतर्गत यह कार्यक्रम ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत आयोजित हुआ।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के अध्यक्ष तथा सचिव के मार्गदर्शन में 1 अक्टूबर 2026 से 28 जनवरी 2027 तक चलाए जा रहे विधिक साक्षरता कार्यक्रम के तहत शिविर लगाया गया। पैरालीगल वालंटियर शिवानी शुक्ला ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
शिविर में बताया गया कि बाल विवाह समाप्त करना और देश की प्रत्येक बेटी को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के माध्यम से सशक्त बनाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए बालिकाओं की शिक्षा में निरंतरता बनाए रखने, कौशल विकास को बढ़ावा देने, महिलाओं की श्रम बल में भागीदारी बढ़ाने और उनकी पोषण संबंधी जरूरतों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि कानून के अनुसार 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह करवाने, इसमें सहयोग करने या इसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ जेल और जुर्माने सहित कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
ग्रामीणों को बाल विवाह की सूचना प्रशासन तक पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। किसी भी स्थान पर बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना देने की अपील की गई।
शिविर के अंत में पैरालीगल वालंटियर शिवानी शुक्ला ने ग्राम सभा सचिव सहित उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह निषेध की शपथ दिलाई। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे न तो बाल विवाह में शामिल होंगे और न ही अपने आसपास ऐसा होने देंगे। साथ ही समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे।

