Raipur Latest News: फर्जी फायर NOC के सहारे एक महीने से चल रहा राव हॉस्पिटल! संचालक फरार, स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर सवाल

Raipur Latest News: फर्जी फायर NOC के सहारे एक महीने से चल रहा राव हॉस्पिटल! संचालक फरार, स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर सवाल

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग स्थित राव हॉस्पिटल में फर्जी फायर सेफ्टी NOC का मामला सामने आने के बाद अब प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फर्जी दस्तावेज तैयार करने का खुलासा होने और पुलिस में FIR दर्ज होने के बावजूद अस्पताल के संचालक राजू साहू की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वहीं, गंभीर सुरक्षा अनियमितता सामने आने के बाद भी अस्पताल का संचालन जारी रहने का दावा किया जा रहा है। इससे मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब अग्निशमन विभाग और SDRF की संयुक्त टीम नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट के लिए राव हॉस्पिटल पहुंची। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से फायर NOC की फोटोकॉपी प्रस्तुत की गई। दस्तावेजों की बारीकी से जांच और डिजिटल पड़ताल में कई गंभीर विसंगतियां सामने आईं।

प्रस्तुत प्रमाण पत्र में NOC जारी होने की तारीख 16 अप्रैल 2026 दर्ज थी, जबकि QR कोड स्कैन करने पर सरकारी सिस्टम में मूल तारीख 16 अप्रैल 2025 दिखाई दी। इसके अलावा प्रमाण पत्र में जांच अधिकारी के रूप में पुरुषोत्तम सिंह का नाम और हस्ताक्षर दर्ज थे, लेकिन विभाग में इस नाम का कोई अधिकारी कार्यरत नहीं पाया गया। संबंधित हस्ताक्षर की तारीख पर भी उस पद पर किसी अधिकारी की पदस्थापना नहीं थी।

सरकारी पोर्टल से दस्तावेजों का मिलान करने पर नवीनीकरण के बजाय कंप्यूटर ग्राफिक्स की मदद से कूटरचित प्रमाण पत्र तैयार किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद न्यू रायपुर फायर ब्रिगेड के निरीक्षक पुष्पराज विनायक की शिकायत पर आरंग थाना पुलिस ने अस्पताल संचालक राजू साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।

रायपुर के जिला सेनानी एवं फायर ऑफिसर पुष्पराज सिंह ने भी स्पष्ट किया था कि व्यावसायिक और चिकित्सकीय संस्थानों के लिए वार्षिक फायर NOC अनिवार्य है। उन्होंने इसे रायपुर जिले में अपनी तरह का पहला मामला बताया था।

मामले के उजागर होने के करीब एक महीने बाद भी मुख्य आरोपी संचालक राजू साहू की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की ओर से फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल कंप्यूटर सेंटर और ग्राफिक्स डिजाइनर की तलाश किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है।

दूसरी ओर, अस्पताल का संचालन कथित तौर पर जारी रहने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और जागरूक नागरिकों का कहना है कि जब फायर सेफ्टी NOC में कूटरचना का मामला दर्ज हो चुका है, तो स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की स्थिति स्पष्ट करने के लिए अब तक क्या कदम उठाए हैं? अस्पताल के संचालन पर रोक, सीलिंग या अन्य नियमानुसार कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

अस्पताल में फायर सेफ्टी की व्यवस्था केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों की जान से जुड़ा गंभीर विषय है। आगजनी या किसी आपात स्थिति में सुरक्षा इंतजामों की कमी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में फर्जी दस्तावेजों के आरोपों के बीच अस्पताल में सुरक्षा मानकों की वास्तविक स्थिति की जांच जरूरी मानी जा रही है।

अब निगाहें आरंग पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि फरार संचालक की गिरफ्तारी कब होती है और अस्पताल के संचालन तथा फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर संबंधित विभाग कब तक ठोस कार्रवाई करते हैं। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों और अस्पताल की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था पर आधिकारिक कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।


Related Articles