Chhattisgarh Dantewada News: दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया 24 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के करीब 20 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उसकी तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। घटना कुआकोंडा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, महाराकरका गांव का रहने वाला 24 वर्षीय युवक रविवार शाम अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई।
सूचना मिलते ही गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बावजूद घटना के 20 घंटे बाद भी उसका पता नहीं चल सका है। फिलहाल तालाब में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

