Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। देश के जाने-माने गांधीवादी विचारक, संविधान विशेषज्ञ, लेखक और छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी का निधन हो गया है। उन्होंने बीती रात अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से कानूनी, साहित्यिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। उनका पार्थिव शरीर भिलाई के बीएम शाह अस्पताल में रखा गया है। विदेश में रहने वाली उनकी बेटी के आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कनक तिवारी के स्वास्थ्य को लेकर पिछले करीब एक महीने से उनके परिचित और प्रशंसक चिंतित थे। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले तिवारी की ओर से लंबे समय तक कोई पोस्ट नहीं किए जाने पर लोग उनका हालचाल जानने का प्रयास कर रहे थे। 13 नवंबर को देवप्रिय अवस्थी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी मांगी थी। उन्होंने लिखा था कि कनक तिवारी की आखिरी पोस्ट देखे हुए एक महीना बीत चुका है। उन्होंने तेजस के माध्यम से उनके स्वास्थ्य का अपडेट देने की अपील भी की थी।
इससे पहले 5 सितंबर को कनक तिवारी ने फेसबुक पोस्ट के जरिए जानकारी दी थी कि वे पांचवीं बार आईसीयू में भर्ती हुए हैं। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद 19 सितंबर को उन्होंने एक और पोस्ट साझा किया था। इसमें उन्होंने अपने मोहल्ले पद्मनाभपुर में गणेश उत्सव के अवसर पर सार्वजनिक रूप से किए गए अभिनंदन का जिक्र किया था।
कनक तिवारी छत्तीसगढ़ के विधिक, बौद्धिक और सामाजिक क्षेत्र की एक प्रतिष्ठित हस्ती थे। गांधीवादी विचारधारा, संविधान संबंधी विषयों और लेखन के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

