Chhattisgarh News: रायपुर: आईडीबीआई बैंक के मुख्य महाप्रबंधक एवं छत्तीसगढ़ तथा ओडिशा के प्रभारी सुजीत कुमार के नेतृत्व में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने 25 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह तथा पंचायती राज मंत्री विजय शर्मा से उनके कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रदेश में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, ग्रामीण क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाने और धान की कटाई के बाद किसानों को सुगम नकद निकासी की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ में बैंक के मौजूदा नेटवर्क और नियमित शाखाओं के साथ सीएससी मॉडल के तहत संचालित ‘समीप’ केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं के विस्तार की भावी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी जताई गई।
धान कटाई के बाद किसानों को नकद निकासी में मिलेगी सुविधा
बैठक में धान की कटाई के बाद किसानों को सुगम और निर्बाध नकद निकासी की सुविधा उपलब्ध कराना प्रमुख विषय रहा। सहकारी बैंकों के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं को अतिरिक्त सहयोग देते हुए किसानों की नकदी तक पहुंच आसान बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। आईडीबीआई बैंक ने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर किसानों को इन सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव सहायता और सहयोग का आश्वासन दिया।
ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का होगा विस्तार
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बैंक नियमित शाखाओं के साथ सीएससी मॉडल के अंतर्गत संचालित ‘समीप’ केंद्रों के माध्यम से भी बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने की योजना पर काम कर रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों के लोगों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना है।
जनजातीय लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सहयोग
आईडीबीआई बैंक ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रमों के तहत छत्तीसगढ़ के जनजातीय लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। बैंक की ओर से स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए वाद्ययंत्र, ध्वनि प्रणाली और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग देने की बात कही गई।
राज्य के समावेशी विकास में सहयोग की प्रतिबद्धता
बैठक को सार्थक बताते हुए आईडीबीआई बैंक ने छत्तीसगढ़ के समावेशी विकास और सर्वांगीण प्रगति के लिए राज्य सरकार के साथ निकट समन्वय में काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

