Durg Latest News: दुर्ग के चार निकायों में BJP की जीत के लिए स्मृति ईरानी ने विजय शर्मा और गजेंद्र यादव को सौंपा जिम्मा

Durg Latest News: दुर्ग के चार निकायों में BJP की जीत के लिए स्मृति ईरानी ने विजय शर्मा और गजेंद्र यादव को सौंपा जिम्मा

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। नगरीय निकाय चुनाव में जीत हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दुर्ग जिले के चार प्रमुख निकायों में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा नगर निगम और जामुल नगर पालिका में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए गृहमंत्री एवं दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा तथा दुर्ग शहर के विधायक और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, स्मृति ईरानी ने दोनों मंत्रियों के साथ संयुक्त बैठक कर चुनावी रणनीति और आपसी समन्वय पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी तरह का मतभेद या संवादहीनता सामने नहीं आनी चाहिए। दोनों मंत्री संगठन के साथ तालमेल बनाकर चुनावी तैयारियों को गति दें।

बैठक में मंत्रियों को केवल प्रशासनिक और राजनीतिक बैठकों तक सीमित न रहने की हिदायत दी गई। उन्हें कार्यकर्ताओं, मंडल पदाधिकारियों, पार्षदों और स्थानीय नेताओं के साथ लगातार संवाद करने तथा जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने को कहा गया है।

रणनीति के तहत चारों निकायों की राजनीतिक परिस्थितियों, वार्डों की स्थिति और जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता का आकलन करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं की नाराजगी, स्थानीय गुटबाजी और टिकट वितरण को लेकर संभावित असंतोष जैसे मुद्दों की समय रहते पहचान कर समाधान निकालने की बात कही गई।

प्रदेश प्रभारी ने सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंचने तथा उनसे सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश भी दिए हैं। चुनावी प्रक्रिया में लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए जनता का विश्वास जीतने को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

भिलाई और रिसाली जैसे बड़े नगर निगमों के साथ भिलाई-चरोदा और जामुल निकायों में होने वाला चुनाव भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन चारों निकायों में पार्टी का प्रदर्शन दुर्ग जिले में संगठन की मजबूती और राजनीतिक स्थिति के लिहाज से अहम हो सकता है।


Related Articles