Dantewada Latest News: वेस्ट माइनिंग विवाद के बीच NMDC के GM सुधांशु वर्मा निलंबित, 24 नवंबर को जारी हुआ आदेश

Dantewada Latest News: वेस्ट माइनिंग विवाद के बीच NMDC के GM सुधांशु वर्मा निलंबित, 24 नवंबर को जारी हुआ आदेश

Chhattisgarh Dantewada News: दंतेवाड़ा। किरंदुल में वेस्ट माइनिंग और उससे जुड़े पर्यावरणीय नुकसान को लेकर जारी विवाद के बीच NMDC प्रबंधन ने अपने वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की है। किरंदुल परियोजना में पदस्थ जनरल मैनेजर (एचआर) सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। 24 नवंबर 2026 को जारी निलंबन आदेश के बाद इस मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। हालांकि, आदेश में निलंबन के वास्तविक कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।

दरअसल, किरंदुल में वेस्ट माइनिंग से जुड़े घटनाक्रम को लेकर पिछले दिनों ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई थी। खनन गतिविधियों के कारण जंगल, पर्यावरण और स्थानीय आबादी पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। मामला राजनीतिक स्तर पर भी पहुंचा और कांग्रेस के सात सदस्यीय जांच दल ने किरंदुल पहुंचकर वेस्ट माइनिंग प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया था। जांच दल ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए NMDC की कार्यप्रणाली और प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान को लेकर सवाल उठाए थे।

इसी बीच वन विभाग की ओर से सामने आए तथ्यों और अधिकारियों के बयानों ने भी मामले को गंभीर बना दिया। खनन से निकलने वाले अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण और पर्यावरणीय मानकों के पालन को लेकर NMDC की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

NMDC लिमिटेड के हैदराबाद स्थित निदेशालय से 24 नवंबर 2026 की देर शाम जारी आदेश में सुधांशु वर्मा, जनरल मैनेजर (एचआर), BIOM किरंदुल कॉम्प्लेक्स को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। आदेश में NMDC Employees Conduct, Discipline and Appeal Rules, 1978 के नियम 20 का हवाला देते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित होने की जानकारी दी गई है।

निलंबन अवधि के दौरान सुधांशु वर्मा का मुख्यालय किरंदुल कॉम्प्लेक्स निर्धारित किया गया है। साथ ही कार्यकारी निदेशक की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगाई गई है।

इस कार्रवाई को लेकर चर्चा है कि हाल ही में किरंदुल पहुंचे कांग्रेस के सात सदस्यीय जांच दल को वेस्ट माइनिंग प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने की अनुमति देने में सुधांशु वर्मा की भूमिका थी। हालांकि, निलंबन का कारण यही होने की आधिकारिक पुष्टि NMDC प्रबंधन की ओर से नहीं की गई है। आदेश में भी इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

ऐसे में निलंबन की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। अब सवाल यह है कि क्या NMDC की कार्रवाई केवल एक अधिकारी के निलंबन तक सीमित रहेगी या वेस्ट माइनिंग से प्रभावित ग्रामीणों, जंगलों और पर्यावरण को हुए नुकसान की भी निष्पक्ष जांच होगी। प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को नुकसान और जवाबदेही से जुड़े सवालों के जवाब का इंतजार है।


Related Articles