Chhattisgarh Latest News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ सकारात्मक बातचीत और मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने के आश्वासन के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी 40 दिनों से जारी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने संघ के पदाधिकारियों की बातें गंभीरता से सुनीं और कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए। राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री साय ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी मांगों के विभिन्न पहलुओं की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति इन मांगों का परीक्षण कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई कार्रवाइयों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख के बाद पटवारी संघ ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया और अपनी मांगों पर विचार किए जाने के लिए आभार जताया।
बता दें कि प्रदेशभर के पटवारी 13 अक्टूबर से पीवी एप की विसंगतियों को दूर करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। करीब 40 दिनों तक चले इस आंदोलन के कारण प्रदेश में राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित हुआ।
हड़ताल के दौरान प्रशासन ने करीब 200 पटवारियों को निलंबित किया था, जबकि लगभग 3000 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। इसके अलावा 50 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई भी की गई थी। अब हड़ताल स्थगित होने के बाद प्रदेश में राजस्व संबंधी प्रशासनिक कामकाज दोबारा सामान्य होने की उम्मीद है।

