Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। JEE Main 2027 Session 2 और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा की प्रस्तावित तारीखों में टकराव की आशंका ने विद्यार्थियों की चिंता बढ़ा दी है। दोनों परीक्षाओं का कार्यक्रम लगभग एक ही अवधि में होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के सामने मुश्किल स्थिति पैदा हो सकती है। इसे देखते हुए विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और CGBSE से परीक्षा कार्यक्रम में समन्वय करने की मांग की है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, JEE Main 2027 Session 2 की परीक्षा 2 से 7 अप्रैल 2027 के बीच आयोजित होने की बात कही जा रही है। वहीं, CGBSE की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च से 8 अप्रैल 2027 तक निर्धारित बताई गई हैं। ऐसे में दोनों परीक्षाओं की तारीखों के एक-दूसरे से टकराने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि 3 अप्रैल को JEE Main की परीक्षा अवधि के दौरान कुछ विषयों की बोर्ड परीक्षा भी हो सकती है। वहीं, 5 अप्रैल को भौतिकी, 6 अप्रैल को कुछ व्यावसायिक विषयों और 7 अप्रैल को कुछ क्षेत्रीय भाषाओं की परीक्षाएं निर्धारित बताई गई हैं। यदि किसी विद्यार्थी की दोनों परीक्षाएं एक ही दिन पड़ती हैं, तो उसके लिए दोनों में शामिल होना मुश्किल हो सकता है।
तारीखों में टकराव के अलावा विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलने की चिंता भी सता रही है। जिन विद्यार्थियों की परीक्षाएं अलग-अलग दिनों में होंगी, उन्हें भी लगातार परीक्षाओं के कारण रिवीजन, मॉक टेस्ट और अन्य विषयों की तैयारी के लिए पर्याप्त समय निकालने में परेशानी हो सकती है। इससे विद्यार्थियों पर शैक्षणिक दबाव और मानसिक तनाव बढ़ने की आशंका है।
विद्यार्थियों की मांग है कि NTA और CGBSE आपसी समन्वय से परीक्षा कार्यक्रम तैयार करें, ताकि दोनों परीक्षाओं की तारीखें एक ही दिन न पड़ें। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा और JEE Main Session 2 के बीच पर्याप्त अंतराल रखा जाए, जिससे विद्यार्थियों को तैयारी और पुनरावृत्ति का उचित अवसर मिल सके।

