Chhattisgarh Latest News: पटवारियों की हड़ताल के बीच धान खरीदी पर नहीं पड़ा असर, दो दिनों में 7.62 लाख क्विंटल से अधिक खरीदी

Chhattisgarh Latest News: पटवारियों की हड़ताल के बीच धान खरीदी पर नहीं पड़ा असर, दो दिनों में 7.62 लाख क्विंटल से अधिक खरीदी

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बावजूद समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का काम निर्बाध रूप से जारी है। राज्य सरकार का दावा है कि चाक-चौबंद प्रशासनिक व्यवस्था के चलते किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। धान खरीदी के शुरुआती दो दिनों में ही प्रदेश के किसानों से 7 लाख 62 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। सरकार का कहना है कि वैकल्पिक प्रशासनिक व्यवस्था के जरिए खरीदी प्रक्रिया का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

गौरतलब है कि प्रदेश में धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले ही पटवारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। इसके बावजूद राज्य सरकार ने मार्कफेड, सहकारिता सहित अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को धान उपार्जन व्यवस्था से जोड़ दिया है। जिला प्रशासन के अन्य विभागों के अमले की सेवाएं भी ली जा रही हैं, ताकि खरीदी प्रक्रिया प्रभावित न हो।

राज्य सरकार के अनुसार, सभी धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। टोकन जारी करने से लेकर धान की तौलाई, बारदाने की उपलब्धता, नमी मापक यंत्र, पेयजल और किसानों के बैठने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार खरीदी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

छत्तीसगढ़ सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों के हित में महत्वपूर्ण फैसला लिया है। एग्रीस्टैक पोर्टल में विधिवत पंजीकृत पात्र धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की निर्धारित आदान सहायता का पूरा लाभ मिलेगा। यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम खरीदी सीमा 21 क्विंटल से कम धान समर्थन मूल्य पर बेचता है, तब भी उसकी आदान सहायता राशि में कोई कटौती नहीं होगी। इस फैसले से विशेषकर कम उपज वाले किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी।

रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के ग्राम गोर्रा के किसान भोज कुमार पटेल ने सरकार के इस फैसले पर खुशी जताई है। 25 एकड़ में धान की खेती करने वाले भोज कुमार का कहना है कि यदि कोई किसान किसी कारणवश प्रति एकड़ 15 या 16 क्विंटल ही धान बेच पाता है, तो भी उसे पूरी आदान सहायता मिलने से आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है। भोज कुमार ने गोर्रा धान उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उनका कहना है कि इस बार आदान सहायता की राशि से वह ट्रैक्टर खरीदने की योजना बना रहे हैं।

राज्य सरकार का कहना है कि छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में धान खरीदी का विशेष महत्व है। लाखों किसान परिवारों की आर्थिक खुशहाली इससे जुड़ी हुई है। यही वजह है कि सरकार धान खरीदी व्यवस्था को लेकर गंभीर है। सरकार की प्राथमिकता है कि पटवारियों की हड़ताल के बावजूद किसानों के हित प्रभावित न हों और पूरे प्रदेश में खरीफ विपणन सीजन की धान खरीदी बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो।

धान खरीदी के शुरुआती दो दिनों के आंकड़ों को सरकार अपनी वैकल्पिक प्रशासनिक व्यवस्था की सफलता के रूप में देख रही है। आने वाले दिनों में उपार्जन केंद्रों में किसानों की आमद और धान खरीदी की मात्रा बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।


Related Articles