Bilaspur Latest News: खेतों में करंट वाले तार से सुरक्षा पर सवाल, किशोरी की मौत के बाद बिजली विभाग की भूमिका जांच के दायरे में

Bilaspur Latest News: खेतों में करंट वाले तार से सुरक्षा पर सवाल, किशोरी की मौत के बाद बिजली विभाग की भूमिका जांच के दायरे में

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरी में खेत की फसल को मवेशियों से बचाने के लिए लगाए गए झटका मशीन के तार की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोरी मनिका बंजारे की मौत हो गई। हादसा मंगलवार को हुआ। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मामले में खेत मालिक से पूछताछ की जा रही है, वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी गई है।

चकरभाठा थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल के अनुसार, गांव के एक किसान ने अपनी फसल की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर झटका मशीन से जुड़े तार लगाए थे। इन तारों में करंट प्रवाहित होने से मवेशियों को झटका लगता है और वे खेत में प्रवेश नहीं कर पाते। मंगलवार को मनिका बंजारे खेत के पास से गुजर रही थी, तभी वह करंट वाले तार की चपेट में आ गई। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की जानकारी बिजली विभाग को भी दी गई है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम और बिजली विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खेत मालिक से भी पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि खेत में झटका मशीन और तार किस तरह लगाए गए थे।

इस घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि करंट से मौत की सूचना मिलने के बावजूद विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे पहले कोटवार की मौत के मामले में भी विभाग पर लापरवाही के आरोप लगे थे। हालांकि, इस मामले में विभाग की जिम्मेदारी और लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


Related Articles