Kawardha Latest News: विद्युत विभाग में 4.30 करोड़ रुपये के गबन का खुलासा, विभागीय कर्मचारी गिरफ्तार

Kawardha Latest News: विद्युत विभाग में 4.30 करोड़ रुपये के गबन का खुलासा, विभागीय कर्मचारी गिरफ्तार

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। कबीरधाम जिले में विद्युत विभाग से जुड़े करोड़ों रुपये के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। पिपरिया थाना पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के दो वितरण केंद्रों में 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये के गबन के आरोप में विभागीय कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, रवेली विद्युत वितरण केंद्र में 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये और मरका केंद्र में 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई है। दोनों मामलों में कुल 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये के गबन का खुलासा हुआ है। शिकायत के आधार पर थाना पिपरिया में धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज साहू ने वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थ रहते हुए कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कराई थी। इस तरह लंबे समय तक वित्तीय अनियमितता को अंजाम दिया गया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने गबन संबंधी कृत्य स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी नितिन तिवारी के नेतृत्व में पिपरिया पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।


Related Articles