Janjgir-Champa Latest News: नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने का आरोप, एसपी ने महिला परामर्श केंद्र की काउंसलर को हटाया

Janjgir-Champa Latest News: नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने का आरोप, एसपी ने महिला परामर्श केंद्र की काउंसलर को हटाया

Chhattisgarh Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। जिले के महिला थाना में संचालित परिवार परामर्श केंद्र की एक और काउंसलर की नियुक्ति पुलिस अधीक्षक ने रद्द कर दी है। बीजेपी नेत्री और परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर संतोषी दुबे को एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने पद से हटा दिया है। उनके खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने और काम नहीं दिलाने की शिकायत सामने आई है। मामले की जांच के लिए दो पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी पारस जैन ने आरोप लगाया है कि संतोषी दुबे ने एनजीओ के माध्यम से पांच अलग-अलग स्थानों पर काम दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले संतोषी दुबे को डेढ़ लाख रुपये और उनके एक सहयोगी को साढ़े तीन लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए गए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो संबंधित लोगों को काम दिलाया गया और न ही पैसे वापस किए गए।

काफी समय तक समाधान नहीं मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की। शिकायत सामने आने के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने संतोषी दुबे की परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद पर नियुक्ति रद्द कर दी है।

मामले की जांच परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी और अजाक थाना के डीएसपी को सौंपी गई है। दोनों अधिकारियों को शिकायत में लगाए गए आरोपों और पैसों के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है।

गौरतलब है कि बीते एक सप्ताह के भीतर परिवार परामर्श केंद्र की दूसरी महिला काउंसलर की नियुक्ति रद्द की गई है। इससे पहले बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य और काउंसलर पूजा राठौर की नियुक्ति भी निरस्त की गई थी। उनके खिलाफ रायपुर निवासी एक युवक ने नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने की शिकायत की थी। लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद परिवार परामर्श केंद्र की नियुक्तियों को लेकर पुलिस विभाग में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।


Related Articles