Raipur Latest News: जायसवाल निको प्लांट में श्रमिक की मौत पर हंगामा, परिजनों ने स्थायी नौकरी और उचित मुआवजे की मांग की

Raipur Latest News: जायसवाल निको प्लांट में श्रमिक की मौत पर हंगामा, परिजनों ने स्थायी नौकरी और उचित मुआवजे की मांग की

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित जायसवाल निको स्टील प्लांट में सोमवार को एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के साथ फैक्ट्री गेट के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री में सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मृतक के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

मृतक की पहचान मोहदा निवासी संतोष वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, संतोष लंबे समय से प्लांट में श्रमिक के रूप में काम कर रहा था। सोमवार दोपहर ड्यूटी के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन उसे तत्काल रायपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

श्रमिक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। हालांकि, घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

धरने पर बैठे ग्रामीणों का आरोप है कि सिलतरा-सांकरा औद्योगिक क्षेत्र की कई फैक्ट्रियों में भारी प्रदूषण, खतरनाक गैसों के भंडारण और सुरक्षा उपकरणों के बिना श्रमिकों से काम कराने जैसी समस्याएं हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते हैं, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन इनसे सबक नहीं लेता।

स्थानीय ग्रामीण लोकेश कश्यप ने कहा कि यहां श्रमिकों की जान की कोई कीमत नहीं समझी जा रही है और उनसे बिना पर्याप्त सुरक्षा के काम कराया जाता है। उन्होंने मृतक के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग की। वहीं, जनपद सदस्य प्रतिनिधि ईश्वर निषाद ने कहा कि जब तक परिजनों को न्याय, स्थायी नौकरी और मुआवजा नहीं मिलता, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र की फैक्ट्रियों की जांच कराने की भी मांग की।

घटना की सूचना मिलते ही धरसीवां पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल अधिकारियों द्वारा मृतक के परिजनों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच बातचीत कर समझौते का प्रयास किया जा रहा है।


Related Articles