Kanker News: कांकेर में मलेरिया का कहर: 4 लोगों की मौत, 3 छात्र समेत 32 संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर

Kanker News: कांकेर में मलेरिया का कहर: 4 लोगों की मौत, 3 छात्र समेत 32 संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर

Chhattisgarh Kanker News: कांकेर: छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर जिले कांकेर में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में अब तक मलेरिया से 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 3 छात्र और 1 महिला शामिल हैं। चारों मौतें अलग-अलग गांवों में हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सरडी, डोमारगढ़, मदेपोटे और चिचगांव गांवों में अब तक 32 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।

स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी शुरू कर दी है। गांवों और छात्रावासों में हेल्थ कैंप लगाकर लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है, वहीं घर-घर जाकर मलेरिया की जांच भी की जा रही है।

इन चार लोगों की हुई मौत

मलेरिया से जान गंवाने वालों में शामिल हैं-

  • 16 जुलाई: करन गोया (14), सरडी बालक छात्रावास का छात्र
  • 25 जुलाई: कवर्ना विश्वकर्मा (9), डोमारगढ़ निवासी छात्रा
  • 26 जुलाई: सुभाष कोरेटो (9), मदेपोटे आश्रम का छात्र
  • 27 जुलाई: राकेश्वरी कोला (25), चिचगांव निवासी महिला

छात्रावासों में बढ़ी चिंता

सरडी के बॉयज हॉस्टल में 11 छात्र मलेरिया पॉजिटिव मिले थे, जिनमें एक छात्र की मौत हो चुकी है। वहीं सरकारी छात्रावास और आश्रम में रहने वाले दो छात्रों की भी संक्रमण से जान चली गई। डोमारगढ़ में एक ही परिवार की तीन बहनें संक्रमित मिली थीं, जिनमें 9 वर्षीय बच्ची कवर्ना विश्वकर्मा की मौत हो गई।

रैपिड टेस्ट पॉजिटिव, स्लाइड टेस्ट में रिपोर्ट नेगेटिव

27 जुलाई को चिचगांव निवासी राकेश्वरी कोला (25) की मौत के बाद जांच को लेकर सवाल भी उठे। मितानिन द्वारा किए गए मलेरिया रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट (RDT) में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और उन्हें दवाइयां भी दी गई थीं, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं हुआ।

देर रात हालत बिगड़ने पर उन्हें भानुप्रतापपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में किए गए स्लाइड टेस्ट में मलेरिया की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी।

10 से अधिक मरीज अस्पतालों में भर्ती

जिले में मलेरिया की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट पर है। 10 से अधिक छात्र अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 2 छात्रों का इलाज रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। छात्रावासों, आश्रमों और प्रभावित गांवों में लगातार जांच, दवा वितरण, फॉगिंग और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।


Related Articles