Surajpur News: सूरजपुर में पुल बहने से हजारों ग्रामीण परेशान, मरीज-छात्रों को 20 किमी अतिरिक्त सफर की मजबूरी

Surajpur News: सूरजपुर में पुल बहने से हजारों ग्रामीण परेशान, मरीज-छात्रों को 20 किमी अतिरिक्त सफर की मजबूरी

Chhattisgarh Surajpur News: भैयाथान। सूरजपुर जिले में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। अंबिकापुर-बैकुंठपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से डुमरिया होते हुए केवरा-भैयाथान मार्ग पर गोबरी नदी पर बनाया गया करीब 15 लाख रुपये की लागत का अस्थायी रपटा पहली ही तेज बारिश में बह गया। इसके चलते डुमरिया, डहरीपारा, शिवप्रसादनगर, खुटरापारा समेत एक दर्जन से अधिक गांवों का जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट गया है।

जानकारी के अनुसार, गोबरी नदी पर बना स्थायी पुल पिछले वर्ष आई बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गया था। नए पुल की स्वीकृति नहीं मिलने पर ग्रामीणों की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग ने लगभग 15 लाख रुपये की लागत से अस्थायी रपटा बनाया था। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले ही इसकी मरम्मत भी कराई गई थी, लेकिन पहली ही तेज बारिश में यह पूरी तरह बह गया।

रपटा ध्वस्त होने से हजारों ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और रोजाना जिला मुख्यालय आने-जाने वाले लोगों को अब 20 किलोमीटर से अधिक का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। बरसात के कारण वैकल्पिक कच्चे रास्ते भी जोखिमभरे हो गए हैं, जबकि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की पहुंच भी प्रभावित हुई है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गोबरी नदी पर जल्द स्थायी पुल निर्माण शुरू करने और तब तक मजबूत वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भी की है।


Related Articles