Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने चरौदा में किया 27 करोड़ से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन, मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के लिए शेड की घोषणा

Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने चरौदा में किया 27 करोड़ से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन, मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के लिए शेड की घोषणा

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चरौदा में 27 करोड़ 53 लाख 87 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से क्षेत्र में सिंचाई, सड़क, बिजली और ग्रामीण अधोसंरचना सुविधाओं का विस्तार होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शेड निर्माण और पेवर ब्लॉक लगाने के साथ ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन निर्माण की घोषणा भी की। इसके अलावा विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में धरसींवा के सभी 144 गांवों तक पहुंचने वाली सेवा संवाद यात्रा का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गांवों का विकास और किसानों की समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि 27 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी। ग्रामीण सड़कों का विस्तार होगा और बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूलमंत्र के साथ काम कर रही है। प्रदेश सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा करने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य के साथ काम शुरू किया है। पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया। सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में भी अब सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर गांव और हर अंचल तक विकास पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में शुरू की गई सेवा संवाद यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं और जरूरतों को समझना जरूरी है। चरौदा से शुरू हुई यह यात्रा धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचेगी। इसके माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने विधायक अनुज शर्मा की मांग पर ग्राम चरौदा के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण और पेवर ब्लॉक लगाने की घोषणा की गई। इसके साथ ही गांव में नवीन मंगल भवन का निर्माण कराया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने के साथ ग्रामीणों को सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

विकास कार्यों के तहत जल संसाधन विभाग और जल संसाधन विभाग तिल्दा के अंतर्गत कुल 13 करोड़ 97 लाख 65 हजार रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें क्रमशः 9 करोड़ 87 लाख 48 हजार और 4 करोड़ 10 लाख 17 हजार रुपये के कार्य शामिल हैं। इनसे क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को लाभ मिलेगा।

लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 4 करोड़ 56 लाख 86 हजार रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 2 करोड़ 20 लाख 19 हजार रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इनसे ग्रामीण अधोसंरचना, बुनियादी सुविधाओं, महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के अंतर्गत 6 करोड़ 79 लाख 17 हजार रुपये के विद्युत विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और विद्युत अधोसंरचना मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों और नई घोषणाओं से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Related Articles