Chhattisgarh Dongargarh News: डोंगरगढ़। ढारा से घोटिया रोड पर देर रात एक बार फिर तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे तेंदुआ ढारा निवासी धवल चावड़ा के फार्म हाउस के पास नजर आया। तेंदुए को देखते ही ग्रामीणों ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस इलाके में तेंदुआ पहली बार नहीं दिखा है। पिछले कुछ समय से डोंगरगढ़-खैरागढ़ क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए की मौजूदगी से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सामने आती रही हैं। सितंबर में डोंगरगढ़-खैरागढ़ मार्ग पर भी तेंदुआ एक पुल पर बैठा दिखाई दिया था।
तेंदुए के लगातार सड़क और आबादी के आसपास दिखाई देने के बाद ग्रामीण वन विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि तेंदुआ बार-बार इस क्षेत्र में पहुंच रहा है तो नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए। ढारा से घोटिया का इलाका दो जिलों की सीमा से जुड़ा होने के कारण खैरागढ़ और राजनांदगांव वन विभाग के बीच समन्वय भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि अभी तक क्षेत्र में तेंदुए और इंसान के बीच संघर्ष की कोई घटना सामने नहीं आई है। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे वन्यजीव-मानव संपर्क को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। इसी खैरागढ़-डोंगरगढ़ वन क्षेत्र में पूर्व में तेंदुए के अवैध शिकार का मामला भी सामने आ चुका है। बनबोड़ क्षेत्र में मादा तेंदुए की हत्या के मामले में सात आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी।
ऐसे में वन विभाग के सामने एक ओर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है, तो दूसरी ओर तेंदुए की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है। बार-बार तेंदुए के आबादी और सड़क के आसपास दिखाई देने के बाद ग्रामीण अब क्षेत्र में नियमित निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते निगरानी व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है।

