राजनांदगांव में DMF बैठक: कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में विकास कार्यों और पंचवर्षीय योजना पर मंथन

राजनांदगांव में DMF बैठक: कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में विकास कार्यों और पंचवर्षीय योजना पर मंथन

Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) शासी परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद संतोष पाण्डेय, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में नवीन प्रावधानों के अनुसार डीएमएफ के कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि डीएमएफ के माध्यम से शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी जैसे क्षेत्रों में प्राथमिकता से कार्य करना आवश्यक है, विशेषकर खनन प्रभावित क्षेत्रों में।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि नए नियमों के तहत पंचवर्षीय कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे अगले पांच वर्षों के विकास कार्यों की स्पष्ट रूपरेखा तय होगी। साथ ही वार्षिक कार्ययोजना को सेक्टरवार तैयार कर चरणबद्ध तरीके से स्वीकृति दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों को ध्यान में रखते हुए पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पर्यावरण संरक्षण और कौशल विकास जैसे उच्च प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में कार्य किए जाएंगे। डीएमएफ निधि का 70 प्रतिशत हिस्सा इन क्षेत्रों पर खर्च किया जाएगा, जबकि शेष राशि अधोसंरचना और अन्य आवश्यक कार्यों पर व्यय होगी।


बैठक में यह भी बताया गया कि खनन से 15 किलोमीटर तक के क्षेत्र को प्रत्यक्ष और 25 किलोमीटर तक के क्षेत्र को अप्रत्यक्ष प्रभावित मानते हुए गांवों की सूची तैयार की गई है।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Related Articles