Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। दिल्ली में कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA ब्लॉक की महारैली को लेकर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राजधानी रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक ने विपक्षी दलों पर देश में अस्थिरता और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। वहीं, प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन किसी को भी अराजकता भड़काने या अव्यवस्था पैदा करने का अधिकार नहीं है।
केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक ने रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि विपक्षी दल संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर देशभर में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनादेश हासिल करने के लिए सबसे पहले जनता का विश्वास जीतना जरूरी है। विपक्ष को जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों पर बात करनी चाहिए।
खटीक ने कहा कि विपक्ष में निराशा और हताशा का माहौल है। इसी वजह से सत्ता हासिल करने की बेचैनी में विपक्ष जनता द्वारा चुनी गई सरकार को हटाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों को आत्मनिरीक्षण करने और जनता के हित से जुड़े मुद्दों को लेकर सामने आने की सलाह दी। उनके मुताबिक, जनता का विश्वास हासिल करके ही सत्ता तक पहुंचा जा सकता है।
वहीं, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिल्ली में आयोजित होने वाली महारैली को लेकर कहा कि रैली की अनुमति दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना लोगों का अधिकार है, लेकिन किसी को भी अराजकता फैलाने या व्यवस्था बिगाड़ने की छूट नहीं दी जा सकती।
चौधरी ने कहा कि देश को ऐसे विचारों के आधार पर नहीं चलाया जा सकता, जिनमें भारत के युवाओं को बांग्लादेश की घटनाओं से प्रेरणा लेने की बात कही जाती है। उन्होंने प्रशांत भूषण और नेहा बोरा का उल्लेख करते हुए कांग्रेस और अराजकता फैलाने वाली मानसिकता पर भी निशाना साधा।

