Chhattisgarh Durg News: दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में आज यानी 30 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पदयात्रा निकाली जाएगी। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पदयात्रा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव समेत प्रदेश के कई भाजपा नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3 बजे महेश कॉलोनी में सभा के साथ होगी। इसके बाद पदयात्रा निकाली जाएगी, जो करीब एक किलोमीटर का सफर तय कर महेश चौक पहुंचेगी। यहां पदयात्रा का समापन होगा और सभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के जरिए लोगों को SIR की प्रक्रिया और मतदाता सूची के पुनरीक्षण की जानकारी दी जाएगी।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने और अपात्र नाम हटाने पर जोर
भाजपा इस कार्यक्रम के माध्यम से मतदाता सूची को सही और अपडेट रखने की जरूरत के बारे में लोगों को जागरूक करेगी। पार्टी का कहना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए, जबकि अपात्र लोगों के नाम निर्धारित नियमों के अनुसार हटाए जाने चाहिए। SIR को लेकर लोगों में किसी तरह का भ्रम न रहे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को सही जानकारी देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदयात्रा के दौरान लोगों को इस प्रक्रिया का उद्देश्य और महत्व समझाया जाएगा।
कार्यकर्ताओं को सौंपी गई भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर दुर्ग में भाजपा नेताओं की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें पदयात्रा की रूपरेखा तय करने के साथ अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई थी। कार्यक्रम के संचालन और जनसंपर्क के लिए टीम भी बनाई गई थी।
आज होने वाली पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा लोगों को संबोधित करेंगे। इस दौरान SIR को लेकर भाजपा का पक्ष रखा जाएगा। वहीं, पदयात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी गई है।
दुर्ग शहर में भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित
पदयात्रा और कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। 30 अक्टूबर को दिन के समय दुर्ग शहर में भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आमतौर पर दोपहर 12 से 2 बजे तक नो-एंट्री में मिलने वाली छूट भी आज नहीं दी जाएगी। प्रतिबंधित मार्गों में गुरुद्वारा तिराहा, उतई तिराहा-जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक, अंडा चौक, पुलगांव चौक, अंजोरा बाईपास और नयापारा महमारा रोड शामिल हैं।
कुम्हारी से महेश कॉलोनी तक भी सख्त पाबंदी
कुम्हारी से नेहरू नगर चौक होते हुए महेश कॉलोनी तक भी भारी वाहनों के आवागमन पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। इस पूरे मार्ग पर भारी वाहन खड़े करने के साथ ही सड़क किनारे दुकानें और ठेले लगाने पर भी रोक लगाई गई है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें और आवागमन के दौरान जारी ट्रैफिक एडवायजरी का पालन करें।

