Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने एक अहम आदेश देते हुए रायपुर सेंट्रल जेल में बंद एक छात्र को NEET-2026 परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान की है। अदालत ने रायपुर पुलिस कमिश्नर और जेल अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि छात्र को पुलिस सुरक्षा में परीक्षा केंद्र ले जाकर परीक्षा दिलाई जाए और परीक्षा समाप्त होने के बाद उसे वापस जेल पहुंचाया जाए।
खमतराई थाना क्षेत्र में दर्ज एक आपराधिक मामले में छात्र वर्तमान में रायपुर सेंट्रल जेल में निरुद्ध है। छात्र ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से हाईकोर्ट में अंतरिम जमानत की मांग करते हुए याचिका दायर की थी। याचिका में बताया गया कि वह 21 जून को आयोजित होने वाली री-NEET परीक्षा में शामिल होना चाहता है। इसके समर्थन में एडमिट कार्ड की प्रति भी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की गई थी।
मामले की तत्काल सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने छात्र को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी। साथ ही जेल प्रशासन को जेल नियमों के तहत आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि छात्र अपनी परीक्षा की तैयारी जारी रख सके।
इधर, 21 जून को होने वाली री-NEET परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने परीक्षार्थियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला किया है। वहीं, बिलासपुर जिले में परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने शहर के 19 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पिछले वर्ष पेपर लीक की घटनाओं को देखते हुए इस बार सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इसके अलावा, सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने परीक्षार्थियों के तनाव और मानसिक दबाव को कम करने के लिए 24 घंटे की मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन शुरू की है, जहां विशेषज्ञों द्वारा परामर्श और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

