CG Breaking: बेमेतरा में मातम, आंगन में खेल रहीं दो बच्चियों पर गिरी दीवार, महिला गंभीर

CG Breaking: बेमेतरा में मातम, आंगन में खेल रहीं दो बच्चियों पर गिरी दीवार, महिला गंभीर

CG Breaking: बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम राउरपुर में एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय आंगन में मौजूद दो मासूम बच्चियां और एक महिला इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दोनों बच्चियों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

आंगन में खेल रही थीं दोनों बहनें

जानकारी के अनुसार मृतक बच्चियों की पहचान वंशिका (11 वर्ष) और राधिका (7 वर्ष), पिता ओमप्रकाश कोशले, के रूप में हुई है। दोनों बच्चियां अपने घर के आंगन में मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक पुरानी दीवार भरभराकर गिर पड़ी और दोनों बच्चियां उसके मलबे में दब गईं। पास में मौजूद शशिकला नामक महिला भी दीवार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

ग्रामीणों ने मलबा हटाकर निकाला बाहर

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ चुकी थीं दम

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला शशिकला की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दीवार गिरने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की असमय मौत से ग्राम राउरपुर में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और जर्जर मकानों की जांच कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।


Related Articles