Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। हिर्री क्षेत्र के ग्राम अमसेना में चोरी की एक वारदात सामने आई है। चोरों ने रात के समय एक घर की खिड़की का लोहे का ग्रिल उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां लगे तीन सीसीटीवी कैमरों के साथ कार की चाबी चोरी कर ली। इसके बाद चोर कार लेकर गांव में करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचे और वाहन में आग लगा दी। सुबह कार पूरी तरह जली हुई हालत में मिली, जिसके बाद घटना का पता चला।
अमसेना निवासी ओमप्रकाश कौशिक सेंट्रिंग का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर की रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद परिवार के साथ सो गए थे। उनकी कार रिश्तेदार राजकुमार कौशिक के घर के पास लॉक करके खड़ी थी। सुबह करीब सात बजे उठने पर उन्होंने देखा कि किचन की खिड़की का लोहे का ग्रिल उखड़ा हुआ है और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर तीन सीसीटीवी कैमरे और फ्रिज के ऊपर रखी कार की चाबी गायब मिली।
इसके बाद ओमप्रकाश कार खड़ी करने वाली जगह पहुंचे तो वहां वाहन नहीं था। आसपास तलाश करने पर पता चला कि अमसेना स्थित आयशर शोरूम के पास उनकी कार जली हुई हालत में पड़ी है। मौके पर पहुंचने पर कार पूरी तरह जल चुकी थी। बताया गया कि चोरों ने घर से कार ले जाने के बाद उसे करीब दो किलोमीटर दूर ले जाकर आग लगा दी।
पुलिस के अनुसार, वारदात रात करीब 10 बजे से सुबह 7 बजे के बीच हुई। फिलहाल कार में आग लगाने के पीछे चोरों का क्या मकसद था और वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ आसपास और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए), 326(जी) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी घर और वाहन की स्थिति से पहले से परिचित थे या नहीं। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस आसपास के कैमरों के फुटेज के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।

