Raipur News : रील देखकर लाइब्रेरी पहुंचे युवा, तेलीबांधा के ‘अक्षरा’ में किताबों के साथ शांत माहौल भी लोगों को आ रहा पसंद

Raipur News : रील देखकर लाइब्रेरी पहुंचे युवा, तेलीबांधा के ‘अक्षरा’ में किताबों के साथ शांत माहौल भी लोगों को आ रहा पसंद

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब के स्प्री वाक परिसर में जिला प्रशासन की ओर से ‘अक्षरा’ रीडिंग जोन शुरू किया गया है। 19 सितंबर से लोगों के लिए खोले गए इस रीडिंग जोन में सुबह 10 बजे से रात 11 बजे तक निश्शुल्क पढ़ने की सुविधा उपलब्ध है। यहां आने वाले लोगों को केवल रजिस्टर में एंट्री करनी होती है, जिसके बाद वे अपनी पसंद की किताब लेकर निर्धारित स्थान पर पढ़ सकते हैं।

जानकारी के अनुसार, रोजाना करीब 150 पाठक ‘अक्षरा’ पहुंच रहे हैं। इनमें स्कूली विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा, नौकरीपेशा लोग और बुजुर्ग शामिल हैं। रीडिंग जोन में प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, सामान्य अध्ययन और साहित्य से जुड़ी किताबें उपलब्ध हैं।

यूपीएससी की तैयारी कर रहे अभिषेक ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर रील स्क्रॉल करते समय ‘अक्षरा’ के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद वे यहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान शांत माहौल में बैठकर पढ़ने की सुविधा उपयोगी है। वहीं बैरन बाजार निवासी एक युवा ने बताया कि उन्हें इस निश्शुल्क लाइब्रेरी की जानकारी गुरुवार को मिली और अब वे नियमित रूप से यहां आने की योजना बना रहे हैं। उन्हें पढ़ाई के साथ कविता पढ़ना भी पसंद है, इसलिए उनके लिए यह जगह साहित्य से जुड़ने का अवसर भी है।

तेलीबांधा निवासी अल असलाक यहां मोबाइल कम्युनिकेशन से जुड़ी किताब पढ़ते मिले। उन्होंने बताया कि वे पढ़ाई से संबंधित सामग्री पढ़ना पसंद करते हैं और यहां अलग-अलग विषयों की किताबें एक ही जगह उपलब्ध होने से उन्हें सुविधा मिल रही है। इसी तरह साहिल यहां अमृतलाल नागर का उपन्यास ‘मानस का हंस’ पढ़ते मिले। उन्होंने बताया कि महंगी किताबें खरीद पाना हमेशा संभव नहीं होता, ऐसे में इस पहल से पसंद की किताबें निश्शुल्क पढ़ने का अवसर मिल रहा है।

तेलीबांधा तालाब की चहल-पहल के बीच ‘अक्षरा’ ने पढ़ने के लिए एक शांत जगह भी उपलब्ध कराई है। जहां सुबह लोग मॉर्निंग वॉक और योग के लिए पहुंचते हैं, वहीं शाम को परिवारों, दोस्तों और युवाओं की भीड़ रहती है। अब इसी परिसर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं से लेकर कविता और उपन्यास पढ़ने वाले पाठक भी नजर आ रहे हैं।

अक्षरा जोन के प्रमुख केदार पटेल के अनुसार, फिलहाल यहां 3000 से अधिक किताबें उपलब्ध हैं और रोजाना करीब 150 लोग पढ़ने पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में पाठकों के फीडबैक के आधार पर उनकी पसंद की और किताबें उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस निश्शुल्क रीडिंग जोन का लाभ उठाने की अपील की।


Related Articles